परिवार की बेटी को मिलेंगे ₹36200! इंदिरा गांधी छात्रवृत्ति योजना में आवेदन सहित पूरी डिटेल Single Girl Child Scholarship

Single Girl Child Scholarship : अगर आपके घर में भी परिवार की इकलौती बेटी पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही है, तो UGC की इंदिरा गांधी छात्रवृत्ति योजना उसकी पढ़ाई में बड़ा सहारा बन सकती है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को PG की पूरी अवधि यानी दो साल तक हर साल 36,200 रुपये मिलते हैं, यानी कुल मिलाकर 72,400 रुपये तक की मदद मिल सकती है। हालांकि इस साल की सबसे बड़ी बात यह है कि इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। UGC ने खुद स्पष्ट किया है कि नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर इससे जुड़ी National Scholarship for Post Graduate Studies (NSPG) और ईशान उदय स्कॉलरशिप के लिए आवेदन जल्द शुरू होंगे, लेकिन तारीख अलग से जारी की जाएगी। ऐसे में छात्राओं के पास अभी तैयारी के लिए कुछ समय है और वे इसी दौरान अपने दस्तावेज पूरे कर सकती हैं।

कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?

पोस्ट ग्रेजुएट इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप के तहत पात्र छात्रा को हर साल 36,200 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह राशि PG कोर्स की पूरी दो साल की अवधि के लिए तय है, इसलिए एक छात्रा को कुल मिलाकर 72,400 रुपये तक का फायदा मिल सकता है। हर साल देशभर से 3,000 नई छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया जाता है और राशि DBT मोड के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। ध्यान रहे कि इस स्कॉलरशिप की राशि में हॉस्टल फीस, मेडिकल खर्च या किसी अन्य तरह के खर्च के लिए कोई अलग रकम शामिल नहीं है, यह सिर्फ पढ़ाई से जुड़े सीधे खर्च की भरपाई के लिए दी जाती है।

आवेदन की तारीख अभी तय नहीं

UGC ने 1 अगस्त 2026 को जारी अपने बयान में साफ कहा है कि नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप सहित PG स्तर की छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन जल्द शुरू किए जाएंगे, मगर शुरुआत की तारीख और पूरा शेड्यूल बाद में अलग से घोषित होगा। आयोग ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि पोर्टल पर आने वाले आवेदनों का सत्यापन 15 दिनों के भीतर पूरा करें, ताकि किसी गलती की स्थिति में छात्राओं को समय रहते सुधार का मौका मिल सके। यानी अभी सिर्फ इंतजार करना है, फॉर्म भरने की सुविधा अभी लाइव नहीं हुई है। जैसे ही आवेदन शुरू होंगे, इसकी सूचना NSP और UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस स्कॉलरशिप का फायदा उठाने के लिए छात्रा का भारत की नागरिक होना जरूरी है और साथ ही वह अपने परिवार की इकलौती बेटी होनी चाहिए। जिन छात्राओं का कोई भाई नहीं है, वे इसके लिए पात्र मानी जाती हैं। इसके अलावा ट्विन बेटियां या फ्रेटरनल जुड़वां बेटियां भी आवेदन कर सकती हैं। उम्र सीमा की बात करें तो PG के पहले साल में दाखिले के समय छात्रा की उम्र 30 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। छात्रा का दाखिला किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या पोस्टग्रेजुएट कॉलेज में रेगुलर और फुल-टाइम मास्टर डिग्री के पहले वर्ष में होना अनिवार्य है।

पढ़ाई को लेकर भी है शर्त

यह स्कॉलरशिप सिर्फ नॉन-प्रोफेशनल कोर्स करने वाली छात्राओं के लिए उपलब्ध है, इसलिए रेगुलर क्लासरूम मोड में पढ़ाई करना जरूरी शर्त है। डिस्टेंस एजुकेशन के जरिए PG करने वाली छात्राएं इस योजना के दायरे में नहीं आतीं। साथ ही यह सुविधा सिर्फ PG-I ईयर की छात्राओं तक सीमित है, यानी दूसरे साल में दाखिला लेने वाली छात्राएं इसके लिए आवेदन नहीं कर सकतीं।

किन छात्राओं को नहीं मिलेगा लाभ?

अगर किसी परिवार में एक बेटा और एक बेटी दोनों हैं, तो उस स्थिति में बेटी को इस योजना के तहत सिंगल गर्ल चाइल्ड नहीं माना जाएगा और वह आवेदन के लिए पात्र नहीं होगी। इसके अलावा ऐसे डीम्ड विश्वविद्यालय जिन्हें केंद्र या राज्य सरकार से फंडिंग नहीं मिलती, उन्हें भी इस योजना के तहत मान्य संस्थान नहीं माना गया है। ऐसे में आवेदन से पहले अपने कोर्स और संस्थान की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।

ऐसे होगा आवेदन, अभी से तैयार रखें दस्तावेज

आवेदन शुरू होने पर छात्राओं को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पोर्टल पर पहले रजिस्ट्रेशन कर मोबाइल नंबर और OTP से वेरिफिकेशन करना होगा, इसके बाद जरूरत के अनुसार e-KYC पूरी कर OTR नंबर जनरेट होगा। OTR मिलने के बाद पोर्टल पर लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरा जा सकेगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म को पहले ड्राफ्ट के तौर पर सेव किया जा सकता है या जांच के बाद फाइनल सबमिट किया जा सकता है। चूंकि आवेदन की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, इसलिए छात्राओं के लिए बेहतर यही होगा कि वे अभी से आधार कार्ड, मान्यता प्राप्त मास्टर डिग्री कोर्स में एडमिशन का प्रमाण, ज्वॉइनिंग रिपोर्ट, सिंगल गर्ल चाइल्ड स्टेटस का शपथ पत्र, बैंक पासबुक की कॉपी और जन्म प्रमाण पत्र या 10वीं की मार्कशीट जैसे दस्तावेज तैयार रखें, ताकि पोर्टल खुलते ही बिना देरी आवेदन किया जा सके। ध्यान रहे कि अधूरे आवेदन खारिज कर दिए जाते हैं और स्कॉलरशिप के लिए केवल पूरी तरह वेरिफाइड ऑनलाइन आवेदन ही मान्य माने जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया इसी माह शुरू हो सकते हैं।

Sangam Patel

Sangam Patel is a Content Writer at StaffTak.in. He writes about Teacher Recruitment, Government Jobs, Education News, Scholarships, Admit Cards, Results, and Admissions, providing accurate and reliable updates from official sources.