August September Top Scholarship 2026: अगस्त-सितंबर 2026 में छात्रों के लिए एक साथ कई बड़ी स्कॉलरशिप योजनाओं के आवेदन चल रहे हैं, जिनमें कक्षा 8 के विद्यार्थियों से लेकर ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों तक सभी के लिए मौका है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप और अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप जैसी योजनाओं की अंतिम तिथि 31 अगस्त है, वहीं SBI आशा स्कॉलरशिप और पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप में भी सितंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। इसके अलावा यूपी छात्रवृत्ति, महिंद्रा एम्पावरहर स्कॉलरशिप, कक्षा 8 के लिए NMMS परीक्षा और रिलायंस फाउंडेशन की स्कॉलरशिप भी छात्रों के लिए राहत की खबर लेकर आई हैं। हर योजना की पात्रता, आय सीमा और राशि अलग-अलग है, इसलिए नीचे सभी स्कॉलरशिप की संक्षिप्त जानकारी दी गई है ताकि आप अपने लिए सही योजना चुन सकें और तय समय के भीतर आवेदन पूरा कर सकें।
Dr Rajendra Prasad Scholarship 2026
डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2026-27 उन छात्रों के लिए है जिन्होंने कक्षा 10वीं 2026 में या कक्षा 12वीं 2025-26 में पास की है। इसके लिए पिछली कक्षा में कम से कम 65 प्रतिशत अंक होना जरूरी है और परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयनित छात्रों को 30,000 रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाती है, जो साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम के छात्रों पर लागू है। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी गई है।
Dr Rajendra Prasad Scholarship की पूरी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया यहां देखें
SBI Asha Scholarship 2026
SBI फाउंडेशन की आशा स्कॉलरशिप 2026-27 में 9वीं से 12वीं क्लास के साथ-साथ ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, मेडिकल, IIT, IIM और विदेश में मास्टर डिग्री करने वाले छात्रों को भी शामिल किया गया है। कुल 100 करोड़ रुपये के बजट से करीब 25,707 छात्रों को फायदा मिलेगा। स्कूली छात्रों के लिए आय सीमा 3 लाख और उच्च शिक्षा छात्रों के लिए 6 लाख रुपये रखी गई है। कोर्स के अनुसार 15 हजार से 15 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 है।
SBI Asha Scholarship का पूरा आर्टिकल यहां पढ़ें
PM Yashasvi Scholarship 2026
केंद्र सरकार की पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप योजना OBC और DNT वर्ग के छात्रों के लिए है, जो कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाई कर रहे हैं। 9वीं-10वीं के छात्रों को हर साल 75,000 रुपये तक और 11वीं-12वीं के छात्रों को 1.25 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप मिलती है। कॉलेज छात्रों के लिए टॉप क्लास कॉलेज एजुकेशन के तहत हर महीने 3,000 रुपये और सालाना 5,000 रुपये अतिरिक्त मदद दी जाती है। परिवार की आय सीमा 2.5 लाख रुपये तय है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है।
PM Yashasvi Scholarship की डिटेल जानकारी यहां पढ़ें
Azim Premji Scholarship 2026
अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना खासतौर पर वंचित पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं के लिए है, जो पहली बार स्नातक डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के पहले साल में प्रवेश ले चुकी हैं। चयनित छात्राओं को हर साल 30,000 रुपये की मदद दो किश्तों में दी जाती है, जो कोर्स की पूरी अवधि यानी 2 से 5 साल तक जारी रहती है। यह योजना यूपी सहित कई राज्यों की सरकारी स्कूल-कॉलेज की छात्राओं के लिए लागू है। आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त 2026 तक चलेगी।
Azim Premji Scholarship की पूरी जानकारी और पात्रता यहां जानें
UP Scholarship 2026-27 Online Apply
समाज कल्याण विभाग ने यूपी छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त 2026 से शुरू कर दिए हैं। कक्षा 9 से लेकर पीजी-पीएचडी तक के छात्र इसमें आवेदन कर सकते हैं। नए छात्रों के लिए आवेदन विंडो 21 सितंबर 2026 तक खुली रहेगी, जबकि नवीनीकरण की अंतिम तिथि सिर्फ 25 अगस्त 2026 है। SC/ST वर्ग के लिए आय सीमा 2.5 लाख और OBC-जनरल-माइनॉरिटी के लिए 2 लाख रुपये तय है। सत्यापन और स्क्रूटनी की प्रक्रिया सितंबर में पूरी होगी।
UP Scholarship फॉर्म से जुड़ी पूरी टाइमलाइन यहां देखें
Mahindra EmpowerHer Scholarship 2026-27
महिंद्रा एंड महिंद्रा की यह स्कॉलरशिप एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की छात्राओं के लिए है, जो कक्षा 9वीं से 12वीं तक या ग्रेजुएशन-पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में पढ़ाई कर रही हैं। चयनित छात्राओं को 5,500 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाती है, जो सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। परिवार की सालाना आय 4 लाख रुपये तक होनी चाहिए, वहीं UG छात्राओं के लिए पिछली कक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। आवेदन Buddy4Study पोर्टल के जरिए 21 सितंबर 2026 तक किया जा सकता है।
Mahindra EmpowerHer Scholarship का पूरा प्रोसेस यहां समझें
NMMS छात्रवृत्ति परीक्षा 2027-28 (कक्षा 8, यूपी)
उत्तर प्रदेश के सरकारी और परिषदीय स्कूलों में कक्षा 8 में पढ़ने वाले छात्रों के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के आवेदन 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं। इसके लिए कक्षा 7 में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (SC/ST को 5 प्रतिशत की छूट) जरूरी हैं, और परिवार की आय 3.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। परीक्षा 1 नवंबर 2026 को होगी और आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 है।
NMMS छात्रवृत्ति परीक्षा से जुड़ी पूरी अधिसूचना यहां पढ़ें
Reliance Foundation Scholarships 2026-27
रिलायंस फाउंडेशन अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट, दोनों स्तर पर स्कॉलरशिप दे रहा है। अंडरग्रेजुएट स्कॉलरशिप में हर साल 5,000 छात्रों को 2 लाख रुपये तक की मदद मिलती है, जबकि पोस्टग्रेजुएट में सिर्फ 100 छात्रों को 6 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। अंडरग्रेजुएट के लिए 12वीं में 60 प्रतिशत अंक और अनिवार्य एप्टीट्यूड टेस्ट जरूरी है, वहीं पोस्टग्रेजुएट के लिए GATE स्कोर या UG में 7.5 CGPA मांगा गया है। दोनों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2026 है।
Reliance Foundation Scholarship की शर्तें और आवेदन लिंक यहां पाएं
ऊपर बताई गई सभी स्कॉलरशिप योजनाओं की अंतिम तिथि अलग-अलग है, इसलिए जो भी योजना आप पर लागू होती है, उसके लिए दस्तावेज पहले से तैयार करके समय रहते आवेदन कर देना बेहतर रहेगा।



