UP Anganwadi Bharti 2026: उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी कार्यकत्री के पदों पर एक और बड़ा मौका सामने आया है। इस बार अयोध्या और उन्नाव जिले में सीधी भर्ती के जरिए कुल 556 पद भरे जाएंगे। दोनों जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की तरफ से विज्ञप्ति जारी हो चुकी है और आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in पर शुरू कर दी गई है। यह दिनांक 17 सितम्बर 2025 में तय व्यवस्था के अनुसार निकाली गई है, यानी दोनों जिलों में चयन प्रक्रिया एक ही नियमावली के आधार पर होगी। जिन महिला अभ्यर्थियों को घर के आसपास ही सरकारी सेवा में मौका चाहिए उनके लिए यह भर्ती काफी अहम है। दोनो जिलों के साथ साथ अन्य जिलों की भी जानकारी इस लेख में देखें।
अयोध्या आंगनवाड़ी में कितने पद
अयोध्या जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने पत्रांक C-1088 के जरिए 220 रिक्त पदों की सूचना जारी की है। यह पद अयोध्या शहर सहित अमानीगंज, बीकापुर, हरिंग्टनगंज, मया बाजार, मिल्कीपुर, मवई, मसौधा, पूरा बाजार, सोहावल, रुदौली और तरून परियोजना क्षेत्र में फैले हुए हैं। सबसे ज्यादा पद अयोध्या शहर परियोजना में हैं, जबकि बाकी ब्लॉक स्तर की परियोजनाओं में पदों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है। आरक्षण के हिसाब से देखें तो अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित वर्ग तीनों के लिए अलग-अलग पद तय किए गए हैं, जिसकी पूरी जानकारी नीचे टेबल में दी गई है। अभ्यर्थी 11 अगात 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्नाव में आंगनवाड़ी भर्ती के पद
उन्नाव जिले की बात करें तो यहां आंगनवाड़ी कार्यकत्री के 336 पद खाली हैं, जो अयोध्या के मुकाबले काफी ज्यादा हैं। असोहा, औरास, बांगरमऊ, बिछिया, बीघापुर, गंजमुरादाबाद, हसनगंज, हिलौली, मियागंज, नवाबगंज, पुरवा, सिकंदरपुर करण, सिकंदरपुर सिरोसी, सफीपुर, सुमेरपुर और उन्नाव शहर परियोजना क्षेत्रों में ये पद बंटे हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद सिकंदरपुर करण परियोजना में हैं। उन्नाव में आवेदन की अंतिम तिथि 11 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक रखी गई है, यानी आखिरी दिन देर रात तक फॉर्म भरा जा सकेगा।
कौन कर सकता है आवेदन क्या है योग्यता
इस भर्ती के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र मानी जाएंगी, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आवेदन का कोई प्रावधान नहीं है। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या उसके समकक्ष रखी गई है, लेकिन मेरिट बनाते समय स्नातक और परास्नातक तक के अंकों को भी जोड़ा जाएगा। यानी जिस अभ्यर्थी ने आगे पढ़ाई की है, उसे मेरिट में सीधा फायदा मिलेगा। उन्नाव की विज्ञप्ति में उम्र की सीमा भी साफ बताई गई है, आवेदिका की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष से कम और 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उम्र के प्रमाण के लिए हाईस्कूल की अंकतालिका या प्रमाण पत्र में दर्ज जन्मतिथि ही मान्य होगी इसके अलावा कोई दूसरा दस्तावेज नहीं चलेगा।
आंगनवाड़ी भर्ती की शर्तें
दोनों जिलों की विज्ञप्ति में एक शर्त बार-बार दोहराई गई है कि आवेदिका को उसी ग्राम सभा या वार्ड (शहरी क्षेत्र में) की स्थाई निवासी होना अनिवार्य है, जहां का पद खाली है। मतलब आप किसी दूसरे ब्लॉक या दूसरे जिले के पद के लिए आवेदन नहीं कर सकतीं, भले ही आपकी योग्यता पूरी हो। यह प्रमाण उप जिलाधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र से ही सत्यापित होगा, जिसका ऑनलाइन सत्यापन संभव हो। यही वजह है कि आवेदन करने से पहले अपने ग्राम सभा या वार्ड में कितने पद खाली हैं, यह जरूर देख लें, वरना फॉर्म भरने के बाद भी दावेदारी खारिज हो सकती है।
आंगनवाड़ी चयन में किसे मिलेगी प्राथमिकता
उन्नाव की विज्ञप्ति में चयन की वरीयता क्रम भी साफ तय की गई है, जो व्यवहारिक रूप से दोनों जिलों में लागू होगी क्योंकि दोनों भर्तियां एक ही शासनादेश पर आधारित हैं। सबसे पहले उसी ग्राम सभा या वार्ड की विधवा बीपीएल अभ्यर्थी को मौका मिलेगा, उसके बाद तलाकशुदा या परित्यक्ता बीपीएल अभ्यर्थी का नंबर आएगा। इसके बाद सामान्य बीपीएल अभ्यर्थी, फिर विधवा एपीएल, तलाकशुदा या परित्यक्ता एपीएल और अंत में सामान्य एपीएल अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। तलाकशुदा या परित्यक्ता होने के लिए सक्षम न्यायालय का आदेश और विधवा अभ्यर्थी के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी या नगर निकाय से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र व परिवार पंजिका की प्रमाणित प्रति देनी होगी।
आवेदन कैसे करें दस्तावेज क्या लगेंगे
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा, विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in के अलावा किसी और तरीके से भरा गया फॉर्म मान्य नहीं होगा। अयोध्या में आवेदन 22 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेंगे। निवास, जाति और आय प्रमाण पत्र तहसील से जारी ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे, हाथ से बना या ऑफलाइन प्रमाण पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। आय प्रमाण पत्र में गरीबी रेखा से जुड़े मानक राज्य सरकार के मौजूदा शासनादेश के अनुसार तय होंगे। अगर आवेदन में कोई तथ्य, अंक या दस्तावेज गलत या कूटरचित पाया गया तो दावेदारी सीधे निरस्त कर दी जाएगी, इसलिए फॉर्म भरते समय हर जानकारी सावधानी से भरें।
दोनों जिलों की विज्ञप्ति में यह भी साफ लिखा है कि प्रकाशित पदों की संख्या हालात के हिसाब से घट या बढ़ भी सकती है, इसलिए अंतिम मेरिट सूची जारी होने तक पदों की संख्या को अंतिम न मानें। ग्रामसभा और वार्डवार पूर्ण विवरण जिले के कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील, विकास खंड और बाल विकास परियोजना कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया गया है, जिसे स्थानीय स्तर पर जाकर भी देखा जा सकता है। जिन महिलाओं के पास स्नातक या परास्नातक की डिग्री है, उनके लिए मेरिट में बढ़त बनाना ज्यादा आसान रहेगा, इसलिए आवेदन से पहले सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र तैयार रखें और तय समय सीमा के भीतर ही फॉर्म जमा करें।
| S | Description | Link |
| 1 | अयोध्या भर्ती Last Date | Click Here |
| 2 | उन्नाव भर्ती Last Date | Click Here |
| 3 | ऑनलाइन आवेदन | Click Here |
| 4 | आधिकारिक वेबसाइट | Click Here |


