RRB NTPC UG Recruitment 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (अंडर ग्रेजुएट) यानी NTPC UG पदों के लिए इंडिकेटिव नोटिस जारी कर दिया है। यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (CEN) नंबर 07/2026 के तहत निकाली गई है और इसमें देश भर के सभी RRB जोन को मिलाकर कुल 1688 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह इंडिकेटिव नोटिस 21 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। अभी सिर्फ शुरुआती सूचना दी गई है, जिसमें बताया गया है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
यह भर्ती खासतौर पर 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए एक बेहतरीन मौका है, जो भारतीय रेलवे में स्थायी सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं। फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को अपनी आधार डिटेल्स 10वीं के सर्टिफिकेट, फोटो और बायोमेट्रिक जानकारी से मिलाकर जरूर देख लेनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदन करने से पहले पात्रता की सभी शर्तें, वेतनमान से जुड़ी जानकारी और मेडिकल मानकों को भी ध्यान से पढ़ लेना जरूरी है, ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती न हो। नीचे दी गई टेबल में इस भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी एक नजर में देखी जा सकती है।
RRB NTPC UG Recruitment 2026
| RRB NTPC UG Recruitment 2026 – Overview | |
|---|---|
| भर्ती संस्था | रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) |
| विभाग | रेल मंत्रालय |
| पद का नाम | NTPC (अंडर ग्रेजुएट) |
| विज्ञापन संख्या | CEN No. 07/2026 |
| कुल वैकेंसी | 1,688 |
| वेतनमान | लेवल-2 और लेवल-3 (7वां वेतन आयोग) |
| नोटिफिकेशन तिथि | 21.09.2026 |
| आधिकारिक वेबसाइट | rrbapply.gov.in |
पात्रता मानदंड और योग्यता
RRB NTPC UG भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। यानी किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास करने वाले छात्र इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्र सीमा की बात करें तो इसके लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है। उम्र की गणना के लिए कट-ऑफ डेट 1 जनवरी 2027 मानी जाएगी। आरक्षित वर्ग यानी एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार उम्र में छूट भी दी जाएगी, इसलिए ऐसे उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी के हिसाब से उम्र सीमा जरूर जांच लेनी चाहिए।

महत्वपूर्ण तारीखें और आवेदन शुल्क
इस भर्ती का नोटिफिकेशन 21 सितंबर 2026 को जारी हुआ है, वहीं ऑनलाइन फॉर्म 15 अक्टूबर 2026 से भरे जा सकेंगे। आवेदन की आखिरी तारीख 13 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तय की गई है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये जमा करने होंगे। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, महिला, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और ईबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क घटाकर 250 रुपये रखा गया है। यह फीस सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से नेट बैंकिंग, कार्ड या यूपीआई के जरिए ही जमा की जा सकेगी।
आधार वेरिफिकेशन को लेकर जरूरी निर्देश
फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को अपने आधार कार्ड की डिटेल्स जरूर जांच लेनी चाहिए, ताकि स्क्रूटनी के दौरान किसी तरह की देरी या परेशानी न हो। नियमों के मुताबिक आधार में दर्ज पूरा नाम और जन्मतिथि 10वीं कक्षा के पास सर्टिफिकेट पर छपे नाम और जन्मतिथि से शत-प्रतिशत मिलनी चाहिए। इसके साथ ही फॉर्म भरने से पहले आधार में अपनी लेटेस्ट फोटो और बायोमेट्रिक डिटेल्स यानी फिंगरप्रिंट और आईरिस को भी अपडेट करा लेना चाहिए, नहीं तो रजिस्ट्रेशन के दौरान दिक्कत आ सकती है।
चयन प्रक्रिया कैसी रहेगी
RRB NTPC UG भर्ती 2026 में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों से होकर गुजरेगा। सबसे पहले पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी-1 होगी, जिसमें पास होने वाले उम्मीदवारों को दूसरे चरण की परीक्षा सीबीटी-2 के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद जरूरत के मुताबिक कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट या स्किल टेस्ट लिया जा सकता है। इन सभी चरणों को पास करने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन यानी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा, और अंत में मेडिकल जांच के बाद ही अंतिम चयन की पुष्टि होगी।
आवेदन कैसे करें
उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in या rrb.indianrailways.gov.in पर जाएं। वहां सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर, सक्रिय ईमेल आईडी और आधार वेरिफिकेशन डिटेल्स भरकर प्राइमरी रजिस्ट्रेशन पूरा करें। रजिस्ट्रेशन के बाद मिले रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन कर फॉर्म का पहला भाग भरें। इसके बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता, कैटेगरी डिटेल्स, पद वरीयता और परीक्षा भाषा का चुनाव करें। इसके बाद तय शुल्क नेट बैंकिंग, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिए ऑनलाइन जमा करें। अंत में अपनी स्कैन की हुई फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी सर्टिफिकेट अपलोड कर फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए अपने पास रख लें।
| Official Notification | Online Application Link |
|---|---|
| Notification PDF | Apply Online (15.10.2026से) |









