CBSE Class 9-11 Registration 2027 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के तहत सभी संबद्ध स्कूलों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। बोर्ड ने बताया है कि कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्रों का रजिस्ट्रेशन और कक्षा 10वीं-12वीं के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स यानी LOC जमा करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इस बार बोर्ड ने खास तौर पर स्कूलों को पहले से तैयारी करने और हर जानकारी को अच्छी तरह जांचने के निर्देश दिए हैं, ताकि बीते वर्षों जैसी गलतियां दोबारा सामने न आएं और परीक्षा से जुड़ी प्रक्रिया में देरी से बचा जा सके। जिन स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र पढ़ते हैं, उनके लिए यह जानकारी काफी अहम मानी जा रही है।
स्कूलों को छात्रों का पूरा रिकॉर्ड तैयार रखने का निर्देश
CBSE ने साफ कहा है कि LOC जमा करने से पहले स्कूलों को छात्रों के सभी जरूरी विवरण तैयार रखने होंगे और उन्हें अच्छी तरह जांचने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बोर्ड का कहना है कि छात्रों का रिकॉर्ड एडमिशन रजिस्टर के हिसाब से सही होना चाहिए, ताकि बाद में किसी तरह की गड़बड़ी सामने न आए। स्कूलों को यह भी कहा गया है कि वे यह प्रक्रिया आखिरी समय पर शुरू करने के बजाय पहले से ही व्यवस्थित तरीके से पूरी करें, जिससे तय समय सीमा के भीतर सारी जानकारी सही तरीके से जमा हो सके।
किन-किन जानकारियों को सही भरना है जरूरी
बोर्ड की गाइडलाइंस के मुताबिक, स्कूलों को छात्र का पूरा नाम, जन्मतिथि, लिंग, वर्ग यानी कैटेगरी और माता-पिता या अभिभावक का नाम सही स्पेलिंग के साथ दर्ज करना होगा। इसके अलावा हर छात्र के विषय-वार पंजीकरण का भी सही रिकॉर्ड रखना जरूरी बताया गया है। स्कूलों को छात्रों के फोटो और हस्ताक्षर भी बोर्ड के तय प्रारूप में ही जमा करने होंगे। CBSE ने इस बात पर जोर दिया है कि छोटी-सी गलती भी बाद में छात्र के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है, इसलिए हर विवरण को एक बार नहीं बल्कि पूरी सावधानी के साथ जांचना जरूरी है।
पिछले वर्षों की गलतियों ने बढ़ाई परेशानी
CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि बीते सत्रों में कई स्कूलों ने गलत विषय कोड भर दिए थे, जिससे बाद में सुधार के लिए अलग से आवेदन करने पड़े। इसके अलावा कुछ स्कूलों ने छात्रों के व्यक्तिगत विवरण में भी गलतियां कीं और कई स्कूल तय समय सीमा के भीतर LOC जमा नहीं कर पाए। इन गलतियों की वजह से सुधार के अनुरोध बड़ी संख्या में बोर्ड के पास पहुंचे, जिससे बोर्ड की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई और परीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी हुई।
बोर्ड ने स्कूलों से क्यों जताई सख्ती
इन्हीं बार-बार होने वाली गलतियों को देखते हुए CBSE ने अब सभी संबद्ध स्कूलों से इन्हें गंभीरता से लेने की अपील की है। बोर्ड ने स्कूलों को सख्त हिदायत दी है कि LOC और रजिस्ट्रेशन का अंतिम विवरण जमा करने से पहले हर जानकारी की अच्छी तरह जांच कर ली जाए। बोर्ड चाहता है कि स्कूल स्तर पर ही गलतियों को रोका जाए, ताकि बाद में न तो छात्रों को परेशानी झेलनी पड़े और न ही स्कूल प्रशासन को सुधार के लिए बार-बार बोर्ड से संपर्क करना पड़े।
छात्रों और अभिभावकों के जरूरी है यह अपडेट
कक्षा 9वीं और 11वीं में रजिस्ट्रेशन और कक्षा 10वीं-12वीं की LOC प्रक्रिया किसी भी छात्र के बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए सबसे पहला और सबसे जरूरी कदम मानी जाती है। अगर इस प्रक्रिया में छात्र का नाम, जन्मतिथि या विषय से जुड़ी जानकारी गलत दर्ज हो जाती है, तो आगे चलकर एडमिट कार्ड और मार्कशीट तक में गड़बड़ी की आशंका बनी रहती है। यही वजह है कि CBSE हर साल स्कूलों को समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने और जानकारी सही भरने की सलाह देता है, ताकि छात्रों को परीक्षा के दौरान किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। बोर्ड की तरफ से जारी इस निर्देश का सीधा असर उन स्कूलों पर पड़ेगा जो हर साल बड़ी संख्या में छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराते हैं। स्कूल प्रशासन को अब पहले से ज्यादा सतर्क रहकर छात्रों का डेटा तैयार करना होगा, क्योंकि गलती की स्थिति में सुधार प्रक्रिया में समय लगता है और यह देरी सीधे तौर पर छात्र के एग्जाम फॉर्म और आगे की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसीलिए बोर्ड ने इस बार शुरुआत में ही स्पष्ट निर्देश जारी करने का फैसला किया है, ताकि प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही स्कूल अपनी तैयारी पूरी कर लें।








