अगर आप उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC ने पशुपालन निदेशालय के अधीन वेटरनरी फार्मासिस्ट के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1308 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू हो चुकी है, ऐसे में इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से आयोग की वेबसाइट upsssc.gov.in के जरिए लिए जाएंगे। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के आधार पर पूरी होगी और गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी।
कब तक चलेगा आवेदन
UPSSSC की वेटरनरी फार्मासिस्ट के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 5 अक्टूबर तय की गई है। इसके अलावा अगर किसी उम्मीदवार को अपने आवेदन फॉर्म में कोई सुधार करना है, तो इसके लिए 12 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार पशु चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए यह मौका किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। तय समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करना जरूरी होगा, क्योंकि अंतिम तारीख निकलने के बाद किसी भी नए आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए वे ही उम्मीदवार पात्र माने जाएंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2025 पास कर रखी है। उम्मीदवारों को PET में मिले स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। यानी सिर्फ ऑनलाइन आवेदन कर देना ही काफी नहीं होगा, बल्कि उम्मीदवार की PET परीक्षा में हासिल रैंक भी आगे की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाएगी।

आवेदन शुल्क
वेटरनरी फार्मासिस्ट के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए एक समान रखा गया है और यह मात्र 25 रुपये है। शुल्क में किसी भी वर्ग के लिए अलग से छूट या बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे यह भर्ती हर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आसानी से सुलभ बन जाती है।
किस कैटेगरी में कितने पद

जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है, पशुपालन निदेशालय के अधीन वेटरनरी फार्मासिस्ट के कुल 1308 पदों पर भर्ती होनी है। इन पदों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है। अनारक्षित वर्ग के लिए 576 पद रखे गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 237 पद निर्धारित किए गए हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए छह पद तय हैं, वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 359 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 130 पद आरक्षित रखे गए हैं। इस तरह हर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इस भर्ती में मौका मौजूद है।
भर्ती के जरूरी पात्रताएं
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास विधि द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्था से वेटरनरी फार्मेसी में दो वर्ष तीन माह का डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार का संबंधित सक्षम परिषद या संस्था में पंजीकृत होना भी जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो आवेदन के लिए 18 से 40 वर्ष के बीच के उम्मीदवार ही पात्र माने जाएंगे। लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसकी अवधि दो घंटे रखी गई है। परीक्षा में पशुओं और पोल्ट्री की शारीरिक संरचना से जुड़े चार अंक के सवाल भी पूछे जाएंगे।
परीक्षा का सिलेबस
लिखित परीक्षा में पशुपालन प्रबंधन का परिचय और नस्लों तथा आर्थिक गुणों के परिचय से जुड़े सवाल पांच-पांच अंक के होंगे। पशु शरीर क्रिया विज्ञान से चार अंक के सवाल पूछे जाएंगे, जबकि क्लीनिकल पैथोलॉजी की बुनियादी बातें और बुनियादी पैरासिटोलॉजी से तीन-तीन अंक के सवाल शामिल होंगे। फार्माकोलॉजी से पांच अंक और बायोकैमिस्ट्री से चार अंक के सवाल पूछे जाएंगे। इसके साथ ही क्लीनिकल पशु चिकित्सा और वेटरनरी क्लीनिकल फार्मेसी से पांच-पांच अंक के सवाल होंगे। शुरुआती सर्जिकल प्रक्रियाओं से चार अंक, फार्मासिस्ट कानूनी नियम तथा फार्मा प्रबंधन और विस्तार से पांच-पांच अंक, हॉस्पिटल प्रैक्टिस ट्रेनिंग से तीन अंक के सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा कंप्यूटर से जुड़ी जानकारी के 15 अंक और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 अंक के सवाल भी परीक्षा का हिस्सा होंगे। परीक्षा पाठ्यक्रम से जुड़ी पूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तार से दी गई है, ताकि उम्मीदवार अपनी तैयारी को सही दिशा में कर सकें।
ऐसे करें आवेदन
1. उम्मीदवार सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
2. इसके बाद होमपेज पर Applicant Segment में जाकर Candidate Registration पर क्लिक करें।
3. यहां अपने PET रजिस्ट्रेशन नंबर और व्यक्तिगत विवरण के जरिए लॉगिन करें।
4. अपनी शैक्षणिक जानकारी दर्ज करें और मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
5. इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
6. अंत में फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद उसका एक प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
ऑनलाइन आवेदन &ऑफिशियल नोटिफिकेशन पीडीएफ









